
विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर अरवल विकास मंच का आक्रोश मार्च, समाहरणालय पहुंचकर किया प्रदर्शन
अरवल, 30 जुलाई। अरवल विकास मंच के अध्यक्ष एवं रेल आंदोलन के सूत्रधार मनोज सिंह यादव के नेतृत्व में गुरुवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आक्रोश मार्च एवं जन प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
आक्रोश मार्च अरवल बस स्टैंड से शुरू होकर भगत सिंह चौक होते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास से गुजरते हुए समाहरणालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में शामिल हैं—
- उत्पाद विभाग के हाजत में बंद अनिल कुशवाहा एवं टुनटुन महतो की मौत की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
- सदर अस्पताल, अरवल में प्रसव के दौरान रोशनी देवी की कथित चिकित्सीय लापरवाही से हुई मौत की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
- गुरुकुल निजी विद्यालय में प्रबंधन की कथित लापरवाही से तृतीय कक्षा के छात्र की मौत की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
- राष्ट्रीय राजमार्ग-139 (NH-139) को फोरलेन बनाया जाए।
- इसके अलावा जिले की अन्य ज्वलंत समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।
अरवल विकास मंच के अध्यक्ष मनोज सिंह यादव ने कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट : वीरेंद्र चंद्रवंशी, जिला ब्यूरो, अरवल।




















