
गेरुआ में केसरवानी कांवरिया सेवा फाउंडेशन झाझा के सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ
श्रावणी मेले में कांवरियों की सेवा के लिए विश्राम, भोजन, पेयजल व चिकित्सा सहित कई सुविधाएं उपलब्ध
बिहार राज्य ब्यूरो डॉ बिरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
गेरुआ (सुईया), बांका। पावन श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर जाने वाले कांवरियों की सेवा एवं सहायता के उद्देश्य से केसरवानी कांवरिया सेवा फाउंडेशन, झाझा द्वारा संचालित सेवा शिविर का गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं श्रद्धाभाव के साथ भव्य शुभारंभ किया गया।
सेवा शिविर का उद्घाटन कांवरिया माता-बहनों ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने फाउंडेशन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष सुबोध केसरी, कोषाध्यक्ष विक्रम केशरी (विक्की), सचिव अमित केशरी (लालो) सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। महिला सदस्यों एवं पश्चिम बंगाल से पहुंचे समाजबंधुओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कांवरियों के लिए नि:शुल्क सुविधाएं
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा शिविर में कांवरियों के लिए विश्राम, नि:शुल्क भोजन, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, गर्म पानी से स्नान सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यह सेवा शिविर पूरे श्रावण मास तक लगातार संचालित किया जाएगा।
फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि “शिवभक्तों की सेवा ही बाबा भोलेनाथ की सच्ची आराधना है।” साथ ही श्रद्धालुओं, समाजबंधुओं एवं दानदाताओं से इस पुण्य कार्य में सहयोग एवं सहभागिता की अपील की गई।
🚩 सेवा ही धर्म • मानवता ही पूजा • शिवभक्तों की सेवा ही शिव की आराधना 🚩
🔱 हर-हर महादेव | बोल बम | जय बाबा बैद्यनाथ 🔱




















