“नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट! 15 KM इलाके में कड़ी निगरानी, नशा तस्करों पर मोतिहारी DM का बड़ा एक्शन”

“नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट! 15 KM इलाके में कड़ी निगरानी, नशा तस्करों पर मोतिहारी DM का बड़ा एक्शन”
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
मोतिहारी जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में (NCORD) नार्को-कोऑर्डिनेशन की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन पूर्वी चंपारण समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में किया गया जिसमें जिलाधिकारी ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार, इसके भंडारण एवं परिवहन तथा मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण हेतु आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित कार्रवाई की जाए एवं पकड़े गए लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें।
जिला के सीमावर्ती अनुमंडल खासकर रक्सौल तथा ढाका के क्षेत्र में पुलिस एवं सीमा सुरक्षा बल (ssb) के पदाधिकारियो के द्वारा विशेष सतर्कता बरतते हुए संयुक्त छापामारी अभियान नियमित संचालित किया जाए। नेपाल से लगे सीमावर्ती क्षेत्र खासकर किलोमीटर जीरो से लेकर 15 किलोमीटर का क्षेत्र नारकोटिक्स के मामले में बहुत ही संवेदनशील है वहां लगातार नजर रखें।
बैठक में समादेष्टा 71वीं बटालियन, 20वीं बटालियन एवं 47वीं बटालियन, जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, औषधि नियंत्रक, अधीक्षक मद्य निषेध,डीपीओ आईसीडीएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी तथा प्रतिनिधि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो मोतिहारी उपस्थित थे।
बैठक में उपस्थित कमांडेंट 47 वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल रक्सौल के द्वारा बताया गया कि पुलिस के साथ सशस्त्र सीमा बल की ज्वाइंट ऑपरेशन में पिछले एक माह में गांजा, स्मैक चरस पकड़ा गया है। इस बीच तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई चल रही है। सीमावर्ती क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने एवं अंतर जिला समन्वय को और सुदृढ़ करने पर बल दिया गया है।
कमांडेंट 71वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल पिपरा कोठी के द्वारा बताया गया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से नार्कोटिक्स और ह्यूमन ट्रैफिकिंग के विरुद्ध लोगों की गिरफ्तारी की गई है और ड्रग्स दुकानों पर भी छापेमारी की गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मोतिहारी के द्वारा बताया गया कि जुलाई माह में नगर थाना के द्वारा 4 kg अफीम जप्त की गई है। इस मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी की गई है। 6000 प्रतिबंधित इंजेक्शन जप्त किए गए हैं रघुनाथपुर एवं तुरकौलिया थाना में 234 ग्राम गांजा पकड़ा गया है और तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ढाका के द्वारा बताया गया कि वहां पर 6.50 kg अफीम एवं 100 ग्राम गांजा पकड़ा गया है।इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रक्सौल के द्वारा बताया गया कि विगत एक माह में कुल 11 मामले दर्ज किए गए हैं जिसमें 29 kg गांजा,150 ग्राम स्मैक और 17 ग्राम ब्राउन शुगर जप्त किया गया है।
सहायक आयुक्त मध निषेध के द्वारा बताया गया कि विगत एक माह में शराब बेचने वाले कुल 87 लोगों की गिरफ्तारी हुई है,1244 लीटर विदेशी एवं 16355 लीटर देसी शराब जप्त किया गया है। इस दौरान 36 वाहन भी जप्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र सदर अस्पताल में आठ लोगों को भर्ती कराया गया है।
जिला कृषि पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि उर्वरक के अवैध व्यापार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अप्रैल,2026 से जुलाई माह तक 749 छापेमारी की गई है इस दौरान 26 मामलों में अनियमितता पाई गई जिसमें 14 के विरुद्ध प्राथमिक की दर्ज कराई गई है।पिछले एक माह में 04 दुकानों की अनुज्ञप्ति रद्द की गई है तथा 02 दुकानों की अनुज्ञप्ति को निलंबित किया गया है। इस बीच 08 उर्वरक विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया कि सीमा सुरक्षा बल स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तस्करी विरुद्ध अभियान चलाए। जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि बॉर्डर एरिया में खाद के दुकानों के स्टॉक वेरिफिकेशन नियमित रूप से किया जाए। जिला कृषि पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नया लाइसेंस नहीं दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि निरोधात्मक कार्य में लगे हुए पदाधिकारी स्थानीय थाना को सूचना निश्चित रूप से दें और एक दूसरे के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। नेपाल की सीमा से सटे हुए रेलवे स्टेशन पर भी गहन नजर रखें और वहां भी लोगों से पूछताछ की जाए। सीमावर्ती क्षेत्र में गहन रोको टोको अभियान चलाई जाए।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का चलन युवा वर्ग में तेजी से बढ़ रहा है जिसका उनके स्वास्थ्य,उनके परिवार और समाज पर इसका बुरा प्रभाव देखने को मिल रहा है। इसके विरुद्ध जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई अपेक्षित है।




















