
समनपुर वाइब्रेंट विलेज में एसएसबी का चिकित्सा शिविर, 61 ग्रामीणों का हुआ निःशुल्क उपचार
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
सीतामढ़ी। सीमावर्ती क्षेत्रों के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, सीतामढ़ी द्वारा मंगलवार, 19 अगस्त 2026 को वाइब्रेंट विलेज समनपुर में मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
यह चिकित्सा शिविर श्री विकास दीप सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। वहीं, शिविर की देखरेख डॉ. जुगल डेका, सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) द्वारा की गई।
शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों सहित कुल 61 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया।

एसएसबी द्वारा आयोजित इस मानव चिकित्सा शिविर का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना तथा जनकल्याण के प्रति सशस्त्र सीमा बल की प्रतिबद्धता को और मजबूत करना है।
इस दौरान ग्रामीणों ने सशस्त्र सीमा बल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे चिकित्सा शिविर दूरदराज और सीमावर्ती इलाकों के लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होते हैं।




















