
डिजिटल आभा आईडी से सुरक्षित होगा स्वास्थ्य रिकॉर्ड, अरवल में ASHA फैसिलिटेटरों को प्रशिक्षण
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले में अधिक से अधिक नागरिकों को आभा आईडी (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी ASHA फैसिलिटेटरों को प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों की आभा आईडी बनवा सकें।
14 अंकों की यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी
आभा आईडी 14 अंकों की एक यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी है, जो प्रत्येक नागरिक को डिजिटल स्वास्थ्य पहचान प्रदान करती है। इसके माध्यम से जांच रिपोर्ट, दवाओं और इलाज से संबंधित स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रखा जा सकता है। जरूरत पड़ने पर नागरिक अपनी अनुमति से इन रिकॉर्ड को संबंधित चिकित्सक या स्वास्थ्य सेवा प्रदाता के साथ साझा कर सकते हैं।
पुराने इलाज, जांच रिपोर्ट और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध रहने से चिकित्सकों को मरीज की स्वास्थ्य स्थिति समझने में आसानी होगी। इससे बेहतर और त्वरित उपचार में मदद मिलने की उम्मीद है।
जीविका और शिक्षा विभाग के साथ समन्वय
आभा आईडी का दायरा बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से अंतर्विभागीय समन्वय पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जीविका और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें एवं समन्वय किया जा रहा है।
जीविका दीदियों के समूहों तथा विद्यालयों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को आभा आईडी से जोड़ने की योजना है। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इन माध्यमों से बनवा सकते हैं आभा आईडी
नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन, नजदीकी CSC (कॉमन सर्विस सेंटर), आशा कार्यकर्ता, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर या सरकारी अस्पताल के माध्यम से आभा आईडी बनवा सकते हैं।
आभा आईडी से जुड़े डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड नागरिक की अनुमति के आधार पर संबंधित डॉक्टर या स्वास्थ्य सेवा प्रदाता के साथ साझा किए जा सकते हैं। इससे इलाज के दौरान समय की बचत होने के साथ अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ कम करने में भी मदद मिल सकती है।
आभा आईडी स्वास्थ्य बीमा या इलाज की गारंटी नहीं
जिला कार्यान्वयन इकाई ने स्पष्ट किया है कि आभा आईडी बन जाने का अर्थ यह नहीं है कि नागरिक को स्वतः कोई इलाज या स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलने लगेगा। आभा आईडी मूल रूप से नागरिक की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है, जो भविष्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में उपयोगी साबित होगी।




















