एनसीसी विद्यार्थियों को एसएसबी ने दी कार्य एवं दायित्वों की जानकारी

एनसीसी विद्यार्थियों को एसएसबी ने दी कार्य एवं दायित्वों की जानकारी
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
मोतिहारी: 21 अगस्त। 20वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, सीतामढ़ी के कुंडवा चैनपुर समवाय द्वारा शुक्रवार को एनसीसी के छात्र-छात्राओं के लिए परिचयात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सशस्त्र सीमा बल के कार्य, दायित्व एवं भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस दौरान एसएसबी द्वारा उपयोग किए जाने वाले विभिन्न हथियारों एवं उपकरणों के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की गई। जवानों ने विद्यार्थियों को बल की कार्यप्रणाली एवं राष्ट्र की सुरक्षा में उसके योगदान से अवगत कराया।
इसी क्रम में भांगा कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट श्री आकाश कनौजिया ने अपने कार्यक्षेत्र के वाइब्रेट गांव समनपुर स्थित विद्यालय में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। छात्र-छात्राओं को शिक्षा के महत्व, बालिकाओं के अधिकार तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, राष्ट्रसेवा, शिक्षा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता की भावना को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




















