
रिंकू बंका बनीं मारवाड़ी युवा मंच सशक्ति शाखा की अध्यक्ष, पूनम सुल्तानियां को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
जमुई जिला ब्यूरो डॉ बीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
जमुई, झाझा। मारवाड़ी युवा मंच की झाझा सशक्ति शाखा की नई टीम का गठन किया गया है। शाखा की अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रिंकू बंका को सौंपी गई है, जबकि पूनम सुल्तानियां को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
बताया गया कि इसी माह 26 तारीख को झाझा कांवरिया सेवा शिविर में मारवाड़ी युवा मंच की झाझा सशक्ति शाखा की नींव रखी गई। इस दौरान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा सुरेश एम. जैन की मौजूदगी में महिला सदस्यों की टीम का गठन किया गया।
मारवाड़ी युवा मंच वर्ष 1989 से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। अब झाझा में महिलाओं की भागीदारी के साथ सशक्ति शाखा के गठन से सामाजिक कार्यों में महिला शक्ति की भूमिका भी मजबूत होने की उम्मीद है।
रक्षाबंधन पर एसएसबी जवानों को बांधा रक्षा सूत्र
वहीं, रक्षाबंधन के पावन अवसर पर झाझा सशक्ति शाखा की सदस्यों ने सिमुलतला स्थित एसएसबी कैंप पहुंचकर जवानों को रक्षा सूत्र बांधा। महिलाओं ने जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते को एक अनोखा रूप दिया।
महिलाओं ने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान अक्सर अपने परिवार से दूर रहकर ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में त्योहार के मौके पर उन्हें परिवार जैसा अपनापन देने और उनके साथ रक्षाबंधन मनाने का यह छोटा सा प्रयास है।
सशक्ति शाखा की महिलाओं की इस पहल की लोगों ने सराहना की। देश की सेवा में दिन-रात तत्पर रहने वाले जवानों के प्रति सम्मान और भाई-बहन के प्रेम का यह संगम रक्षाबंधन को और भी खास बना गया।




















