
नहर में गंभीर कटाव को लेकर सिंचाई विभाग में सौंपा आवेदन, शीघ्र मरम्मत की मांग
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
कुर्था। सिंचाई विभाग, कुर्था में आज SDO, JE एवं कार्यपालक अभियंता/अधिकारी से मुलाकात कर नहर में हुए गंभीर कटाव की समस्या को लेकर आवेदन सौंपा गया। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष कटाव के कारण किसानों और ग्रामीणों के सामने उत्पन्न संभावित खतरे से अवगत कराया गया।
बताया गया कि विथरा से निकलने वाला पानी सूरा होते हुए सचई नहर में जाता है। इसी जलमार्ग में नहर के समीप हुए कटाव के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। आगामी बारिश के दौरान जलप्रवाह बढ़ने पर कटाव और अधिक बढ़ सकता है, जिससे किसानों की फसल एवं कृषि भूमि को नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
आवेदन के माध्यम से अधिकारियों से कटाव स्थल का तत्काल निरीक्षण, अविलंब मरम्मत एवं नहर के सुदृढ़ीकरण की मांग की गई। साथ ही बारिश और बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए तात्कालिक सुरक्षा व्यवस्था करने तथा कटाव के कारणों की जांच कर स्थायी समाधान निकालने की मांग रखी गई।
अधिकारियों के समक्ष प्रमुख मांगें
- कटाव स्थल का तत्काल निरीक्षण कराया जाए।
- कटाव की अविलंब मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाए।
- बारिश एवं जलप्रवाह को देखते हुए तात्कालिक सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
- कटाव के कारणों की जांच कर स्थायी समाधान निकाला जाए।
- भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इस दौरान कहा गया कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि किसानों, ग्रामीणों और पूरे क्षेत्र के हित की लड़ाई है। जनसमस्या के समाधान और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई गई।



















