
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, विभिन्न स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव का अरवल जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। सांसद ने जिले के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से मुलाकात की।
इस दौरान रेल आंदोलन के सूत्रधार सह अरवल विकास मंच के अध्यक्ष मनोज सिंह यादव ने अपनी टीम के साथ सांसद पप्पू यादव का स्वागत किया। कुर्था बाजार सहित बंसी एवं करपी प्रखंड में भी स्थानीय लोगों और समर्थकों ने सांसद का जोरदार स्वागत किया।
कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने जिले के कुरथा प्रखंड के मोतीपुर, इब्राहिमपुर एवं गम्हरिया, करपी प्रखंड के मिर्जापुर एवं किंजर तथा बंसी प्रखंड के शादीपुर, मोगलापुर, डेनियला, चमंडी एवं गुलरिया बीघा सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
दौरे के दौरान उन्होंने बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। स्थानीय लोगों ने बाढ़ के कारण उत्पन्न परेशानियों और राहत कार्यों से जुड़ी समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया।
कुर्था से बंसी और करपी तक दिखा उत्साह
सांसद के आगमन को लेकर कुर्था बाजार, बंसी प्रखंड और करपी प्रखंड में समर्थकों एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
इस अवसर पर मनोज सिंह यादव एवं उनकी टीम समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक मौजूद रहे।




















