
निर्माणाधीन जिला कारागार का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल, 30 सितंबर। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अरवल, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल ने बुधवार को निर्माणाधीन जिला कारागार, अरवल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार के निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्माणाधीन विभिन्न संरचनाओं का जायजा लिया। संबंधित पदाधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति तथा शेष कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
अधिकारियों ने निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने तथा शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बेहतर एवं व्यवस्थित कारागार व्यवस्था के लिए निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।




















