
गांधी जयंती पर जिले की पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, जनभागीदारी और स्वच्छता पर दिया जोर
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिले की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुई। इस दौरान उनके ग्राम स्वराज, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी के विचारों को याद किया गया।
इसी क्रम में करपी प्रखंड की किंजर पंचायत में आयोजित विशेष ग्राम सभा में उप विकास आयुक्त, अरवल श्री शैलेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
ग्राम सभा के दौरान पंचायत के विकास, स्वच्छता, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों की आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता को पंचायत के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान गांधी जी के विचारों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर ग्राम के निर्माण तथा विकास कार्यों में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।




















