जिउतिया पर काव नदी में बहीं दो मासूम बच्चियां, तलाश जारी, देर शाम तक नहीं मिला दोनों बच्चियों का सुराग

जिउतिया पर काव नदी में बहीं दो मासूम बच्चियां, तलाश जारी, देर शाम तक नहीं मिला दोनों बच्चियों का सुराग
रोहतास दावथ संवाददाता चारोधाम मिश्रा की रिपोर्ट
दावथ (रोहतास ) घर की महिलाओं के साथ पर्व पर स्नान करने पहुंची थीं बच्चियां, एक अन्य बच्ची को महिलाओं ने सुरक्षित बाहर निकाला, एसडीआरएफ को दी गयी सूचना
जिउतिया पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गयीं, जब काव नदी में स्नान करने गयीं दो मासूम बच्चियां अचानक नदी की तेज धार में बह गयीं। देखते ही देखते दोनों बच्चियां पानी में ओझल हो गयीं और नदी किनारे मौजूद महिलाओं के बीच चीख-पुकार मच गयी। घटना शनिवार की शाम दावथ थाना क्षेत्र के बक्सर जिला बॉर्डर स्थित पंचदरवा पुल के समीप की है।
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गये। बताया जाता है कि धवईं गांव निवासी जितेंद्र सिंह की 12 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी और भीम सिंह की 10 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी घर की महिलाओं के साथ जिउतिया पर्व पर स्नान करने काव नदी पहुंची थीं।
इसी दौरान स्नान करते समय दोनों बच्चियां नदी की तेज धार की चपेट में आ गयीं। जब तक आसपास मौजूद महिलाएं कुछ समझ पातीं, दोनों गहरे पानी में बह चुकी थीं। उनके साथ स्नान कर रही एक अन्य बच्ची भी पानी में फंस गयी थी, जिसे महिलाओं ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिउतिया जैसे मातृत्व और संतान की लंबी उम्र की कामना से जुड़े पर्व के दिन हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। दो मासूम बच्चियों के नदी में लापता होने से धवईं गांव में मातम पसरा हुआ है।
नदी किनारे मची चीख-पुकार, देर शाम तक चला तलाशी अभियान
दो बच्चियों के नदी में बहने की खबर मिलते ही स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल नदी में उतरकर उनकी तलाश शुरू कर दी। नदी के अलग-अलग हिस्सों में बच्चियों को खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा बढ़ने के साथ परिजनों की बेचैनी भी बढ़ती गयी। नदी किनारे मौजूद परिजन बदहवास होकर बच्चियों के मिलने की आस लगाये रहे।
प्रशासन पहुंचा, एसडीआरएफ को दी गयी सूचना
घटना की सूचना मिलते ही दावथ के अंचलाधिकारी गौरव कुमार और राजस्व पदाधिकारी विकास कुमार पंडित मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम को घटना की जानकारी दे दी गयी है। टीम के पदाधिकारी ने रविवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर खोज अभियान शुरू करने की बात कही है।




















