
अपराध नियंत्रण को लेकर अरवल एसपी डॉ. नवजोत सिमी ने की समीक्षा बैठक
लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने का दिया निर्देश
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल। जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा जिले में गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा। साथ ही नियमित गश्ती सुनिश्चित करने और किसी भी स्थिति में विधि-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने के लिए पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन और बेहतर पुलिसिंग के लिए सभी थाना प्रभारियों को सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।




















