
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में तेजस्विनी युवती सम्मेलन का आयोजन
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल: आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के द्वारा जिला संयोजक अमरकांत यादव जी के नेतृत्व में तेजस्विनी युवती सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रथम जिला परिषद अध्यक्ष एवं वर्तमान जिला परिषद भाग-2अरवल की सदस्य ऋषि कला देवी जी उपस्थित रहीं। साथ ही हिंदू जागरण मंच की सह-संयोजिका ऋचा वर्मा जी, शिक्षिका एवं समाजसेवी मोना कुमारी, श्रीकांती देवी तथा शिक्षिका सोनम कुमारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ ऋचा वर्मा जी एवं ऋषि कला जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर ऋचा वर्मा जी ने युवतियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवतियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वहीं ऋषि कला जी ने युवतियों को आत्मनिर्भर बनने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवतियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी युवतियों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर युवतियां एक सशक्त समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
तेजस्विनी युवती सम्मेलन के माध्यम से युवतियों को अपनी क्षमता पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।




















