
कर्ण विद्या विहार में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, डॉ. सोनम बोलीं- बेटियों को सही जानकारी देना हमारी जिम्मेदारी
रोहतास संवाददाता चारोधाम मिश्रा की रिपोर्ट
बिक्रमगंज (रोहतास)। स्थानीय कर्ण विद्या विहार में शनिवार को महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सोनम सिंह ने छात्राओं और महिला शिक्षिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिंह ने कहा कि समाज में आज भी मासिक धर्म को लेकर कई तरह की भ्रांतियां फैली हुई हैं, जिन्हें दूर करना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि मासिक धर्म किसी प्रकार की बीमारी नहीं है, बल्कि महिलाओं के जीवन की एक स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया है।
उन्होंने व्यक्तिगत साफ-सफाई, संतुलित और पौष्टिक आहार, अच्छी गुणवत्ता वाले सैनिटरी पैड का सही उपयोग और संक्रमण से बचने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को किसी भी तरह की संकोच को छोड़कर खुलकर अपनी स्वास्थ्य समस्याओं पर बात करने की सलाह दी।
विद्यालय के निदेशक डॉ.कामेंद्र सिंह ने बताया कि हमारे ट्रस्ट का संकल्प है – जागरूक बेटी, स्वस्थ बेटी और सशक्त समाज। इसी सोच के तहत छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उप- प्रधानाचार्य समीर चौधरी, मैनेजमेंट हेड संजय कुमार सिंह , कोऑर्डिनेटर विकास कुमार सहित परिवार ने इस उपयोगी सत्र के लिए डॉ. सोनम सिंह का आभार जताया।




















