बसंतपुर में गैस सिलेंडर के रिसाव से घर में लगी आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

बसंतपुर में गैस सिलेंडर के रिसाव से घर में लगी आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
ब्यूरो रिपोर्ट सुजीत कुमार
कुंडवा चैनपुर (पूर्वी चंपारण)। कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर, वार्ड नंबर 10 में सोमवार को गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण एक घर में अचानक आग लग गई। इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस और अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बसंतपुर निवासी बैजू राम (55 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामदेव राम के घर में चाय बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा। इसी दौरान अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखे कुछ कपड़े तथा घर के सामने स्थित छप्पर जल गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडवा चैनपुर थाना पुलिस एवं अग्निशमन कर्मी सक्रिय हो गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमन कुमार ने बताया कि पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम तत्परता दिखाते हुए महज पांच मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या किसी बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।




















