
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अरवल के पांच मॉडल विद्यालयों का किया उद्घाटन
अरवल जिला ब्यूरो बिरेंद्र चंद्रवंशी की रिपोर्ट
अरवल। बिहार सरकार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अरवल जिले के सभी पांच मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संबंधित विद्यालयों में उद्घाटन समारोह आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
उद्घाटन किए गए मॉडल विद्यालयों में सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल विद्यालय) +2 उच्च विद्यालय इटवाँ (अरवल), +2 उच्च विद्यालय जयपुर (कलेर), +2 उच्च विद्यालय शहर तेलपा (करपी), +2 उच्च विद्यालय कुर्था तथा सर्वोदय उच्च विद्यालय माली रामगढ़ (सोनभद्र बंशी सूर्यपुर) शामिल हैं।
+2 उच्च विद्यालय इटवाँ में आयोजित मुख्य समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मॉडल विद्यालयों की स्थापना से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा, आधुनिक संसाधनों का लाभ और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना तथा सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




















