48 घंटे में आ रहा 92,700 मीट्रिक टन LPG, ईरान की इच्छा भारत ने की पूरी, गैस संकट पर सरकार ने क्या-क्या बताया?

48 घंटे में आ रहा 92,700 मीट्रिक टन LPG, ईरान की इच्छा भारत ने की पूरी, गैस संकट पर सरकार ने क्या-क्या बताया?
बारूद के ढेर पर बैठे स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से भारत के लिए एक ऐसी खबर आई है जो काफी राहत देने वाली है. जब पूरी दुनिया ईरान और इजरायल के बीच उलझी थी तब भारत के दो जांबाज समुद्री जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ हॉर्मुज का चक्रव्यूह भेदकर भारत की ओर निकल पड़े हैं। अगले 48 घंटों में समंदर के रास्ते 92,700 मीट्रिक टन LPG की वह खेप भारत पहुंचने वाली है, जिसका इंतजार करोड़ों चूल्हे कर रहे थे।
एक तरफ भारत ने पैनिक बुकिंग और कालाबाजारी करने वालों पर सर्जिकल स्ट्राइक शुरू की है, तो दूसरी तरफ भारत में मौजूद ईरानी सैनिकों को चार्टर्ड प्लेन से वापस भेजकर उनकी इच्छा पूरी कर दी है।
कूटनीति की इस बिसात पर भारत ने वो चाल चली है कि दुश्मन भी देखते रह गए। जानिए उस हाई-लेवल प्रेस ब्रीफिंग की 10 बड़ी बातें, जिसने देश की ऊर्जा सुरक्षा की तस्वीर बदल दी है।
भारतीय ध्वज वाले दो प्रमुख जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ ने आज सुबह दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज‘ को सफलतापूर्वक पार कर लिया है।
ये दोनों जहाज कुल मिलाकर 92,700 मीट्रिक टन LPG लेकर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। प्रत्येक जहाज पर 46,000 टन से अधिक गैस लदी है। गैस से लदे ये जहाज 16 और 17 मार्च को गुजरात के मुंद्रा और कांडला बंदरगाह पर पहुंचेंगे जिससे घरेलू आपूर्ति को बड़ी राहत मिलेगी।
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, अफवाहों के चलते LPG बुकिंग रोजाना 75 लाख से बढ़कर 88 लाख पहुँच गई है. सरकार ने अपील की है कि लोग ‘पैनिक बुकिंग’ न करें। देश में पेट्रोल और डीजल का उत्पादन पर्याप्त है और वर्तमान में किसी अतिरिक्त आयात की जरूरत नहीं है। ईंधन की कोई कमी नहीं है।
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई सभी 29 राज्यों में फिर से शुरू कर दी गई है। कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त छापेमारी (रेड) की जा रही है। यानी अब रेस्टोरेंट और खाने पीने के व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्या का अंत हो जाएगा।




















