मण्डल रेल प्रबंधक (DRM) दानापुर जयंत चौधरी ने तमाम रेल कर्मचारियों को किया संबोधित

- 76 में गणतंत्र दिवस की रही दानापुर में भी धूम.
- डीआरएम श्री चौधरी ने किया परेड का निरीक्षण।
- राष्ट्रीय पर्व को लेकर रेलवे ने की थी अच्छी खासी तैयारी।
- डीआरएम ने रेलवे की सारी बातों को तमाम कर्मचारियों को समक्ष रखते हुए दिया दी जानकारी।
बिहार राज्य संवाददाता बीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट
DRM श्री चौधरी का संबोधन ..
प्रिय रेलकर्मी बंधुओं, कर्मचारी यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण, अध्यक्षा, दानापुर महिला कल्याण संगठन एवं अन्य सम्मानित सदस्याएँ, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधिगण, स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों, उपस्थित प्यारे बच्चों, भाइयों एवं बहनों। आप सभी को 76वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बहुत-बहुत बधाई।
आज गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरूषों को नमन करता हूँ जिनके अद्वितीय साहस, त्याग, बलिदान एवं अथक प्रयासों से भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य एवं सम्प्रभुत्व सम्पन्न राष्ट्र बना।
देश के नवनिर्माण में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी क्रम में दानापुर मंडल ने अपने 100 वर्षों के इतिहास में इस क्षेत्र एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है एवं अटूट प्रतिबद्धता के साथ समेकित प्रयासों से यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधापूर्ण यात्रा हेतु निरंतर प्रयत्नशील रहा है। दानापुर मंडल ने इस वित्तीय वर्ष के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों हासिल की हैं:-
महत्वपूर्ण आय एवं बचत
• दानापुर मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में यात्री किराया, माल भाड़ा एवं अन्य कोचिंग आय से होने वाली आय में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिससे कुल 1700 करोड़ रू. की आय हुई है जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 13 प्रतिशत अधिक है।
• इस वित्तीय वर्ष में अभी तक स्कैप की बिक्री से लगभग 48 करोड़ मूल्य की आय प्राप्त हुई है।
आधारभूत संरचनाओं का विकास
• किऊल-गया सेक्शन के वारसलीगंज से नवादा तक लगभग 18 किलोमीटर लंबी अप लाइन के दोहरीकरण का कार्य इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग के साथ पूरा किया गया।
• करनौती स्टेशन से बख्तियारपुर लिंक केबिन स्टेशन के बीच लगभग 4.2 किलोमीटर लंबी रेल ओवर रेल (ROR) का निर्माण किया गया।
• बिहटा में यात्रियों की सुविधा के लिए एक पैदल उपरिगामी पुल (FOB) का निर्माण किया गया।
• किऊल और बडहिया के बीच अशोकधाम में ब्लॉक स्टेशन स्थापित किया गया जिसमें इलेट्रॉनिक इंटरलॉकिंग की व्यवस्था भी स्थापित की गई है।
• पटना जंक्शन प्लेटफार्म सं. 1 पर एक आरपीएफ ऑफिस एवं बैरक का निर्माण किया गया।
संरक्षा
• संरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों के द्वारा रात्रि में फुटप्लेट निरीक्षण किया जा रहा है तथा विभिन्न स्टेशनों, मंडल प्रशिक्षण केन्द्र, रनिंग रूम, क्रू-लॉबी आदि स्थलों पर सेफ्टी सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है।
यात्री सुविधा
• स्वदेश में निर्मित विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन भारतीय रेल की पहचान बन रही है। हमें गर्व है कि 3 वंदे भारत ट्रेन की सौगात दानापुर मंडल को मिली है और इसका संचालन एवं अनुरक्षण मंडल द्वारा किया जा रहा है।
• यात्री सुविधा में बढ़ोत्तरी के लिए वित्तीय वर्ष के दौरान 40 जगहों पर यात्री गाड़ियों का ठहराव दिया गया।
• वित्तीय वर्ष के दौरान महत्वपूर्ण त्योहारों जैसे कि दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ में और समर होलीडे सीजन में यात्रियों के भीड़ के मद्देनजर उनकी सुविधा हेतु 10,6,65 पूजा स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाई गई।
• यात्रियों की सुविधा हेतु दानापुर स्टेशन के प्लेटफार्म सं. 01 तथा आरा स्टेशन पर लिफ्ट लगाया गया।
परिचालन एवं समय सुधार
• इस्लामपुर-नटेसर सेक्शन के बीच सेक्शलन स्पीड को 60 किलोमीटर से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रतिघंटा किया गया जिससे परिचालन एवं समय पालन में अतिरिक्त सुधार हुआ है।
• दानापुर मंडल के इतिहास में पहली बार दो लोडेड माल गाडियों (Loaded Long Haul) को एक साथ जोड़कर रक्सौल के लिए चलाया गया।
• तीन खाली मालगाड़ियों को एक साथ जोड़कर Anaconda नामक मालगाड़ी एनटीपीसी बाढ़ से धनबाद मंडल के लिए चलाई गयी।
पर्यावरण एवं उर्जा संरक्षण
• दानापुर मंडल पर्यावरण एवं उर्जा संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इस कड़ी में दानापुर डिपो में Condemned किये गए कोच में बायो-टॉयलेट अपशिष्ट जॉच हेतु एक लैब स्थापित किया गया है। जिसमें विभिन्न प्रकार के कार्बोनिक पदार्थों के नमूनों की जाँच की जा रही है।
• सभी स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों के सौंदर्गीकरण, हरित पर्यावरण एवं शुद्ध और स्वच्छ वातावरण हेतु पूरे मंडल में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत वित्तीय वर्ष में लगभग 91,500 वृक्ष लगाये गये हैं।
यात्रियों एवं रेल परिसंपत्तियों की सुरक्षा
• रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन आहत के तहत 87 बच्चों को मानव तस्करों के चंगुल से बचाया गया तथा कुल 35 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
• ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने 174 मामलों का उद्भेदन किया, जिसमें 232 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई।
• ऑपरेशन दूसरा के तहत रेल अधिनियम की धारा 144 के अंतर्गत कुल 2494 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें सभी व्यक्तियों से लगभग 25 लाख रूपया जुर्माना के रूप में वसूल किया गया।
आपदा प्रबंधन
• प्रतिकूल भौगोलिक तथा दुर्घटना वाले स्थानों पर तत्काल राहत व बचाव कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कराये जाने हेतु 02 ड्रोन को दुर्घटना राहत गाड़ी में शामिल किया गया है।
कर्मचारी कल्याण
• दानापुर मंडल कर्मचारी कल्याण की दिशा में निरंतर प्रयत्नशील है। पिछले वर्ष मंडल में कुल 811 कर्मचारियों को पदोन्नति तथा 515 कर्मचारियों को एमएसीपी (MACP) के तहत वित्तीय उन्नयन का लाभ प्रदान किया गया एवं अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति के 71 मामलों में मृतक के आश्रितों को नियुक्तियों प्रदान की गयी।
• मंडल के झाझा, मोकामा एवं बक्सर स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य जाँच शिविरों का आयोजन कर रेल कर्मियों एवं उनके आश्रितों का स्वास्थ्य जाँच किया गया।
जिसमें विशेष रूप से 09 से 45 वर्षों के बीच के महिलाओं का सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण किया गया तथा उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह ग्रसित मरीजों का स्क्रीनिंग किया गया।
• गंभीर बीमारी या आकस्मिक दुर्घटना के मामले में कर्मचारी कल्याण कोष से कुल 112 कर्मचारियों को 25,80,000/- (पचीस लाख अस्सी हजार रूपये) की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।
सांस्कृतिक एवं खेल-कूद गतिविधियों
• जगजीवन स्टेडियम, दानापुर में खिलाड़ियों हेतु खेलकूद से जुड़े सुविधाओं का विस्तार करते हुए बॉलिंग मशीन एवं नेटस की सुविधा प्रदान की गई है एवं अत्याधुनिक सुविधा से युक्त कीड़ा कक्ष का नवीनीकरण किया गया।
• मंडल में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ स्काउट्स एण्ड गाईड्स के सदस्यों द्वारा 7वीं जिला रैली का सफल आयोजन किया गया।
हमें अपने कर्मचारी संगठन ECREU तथा SC/ST एवं OBC एसोसिएशन का निरंतर सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।
दानापुर महिला कल्याण संगठन भी कर्मचारी कल्याण की दिशा में अपनी रचनात्मक भूमिका का निर्वहन सफलतापूर्वक कर रही है।
महिला कल्याण संगठन द्वारा रेल कर्मचारियों के बच्चों में सृजनात्मक एवं रचनात्मक गुणों के विकास के लिए रेखाचित्र, पेंटिंग, निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया एवं उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।
इस अवसर पर एक विशेष घोषणा करते हुए मुझे गर्व की अनुभूति हो रही है कि दानापुर मंडल ने 01 जनवरी 2025 को अपने स्थापना के 100 वर्ष पूरा कर लिया है। इस हेतु दानापुर मंडल के समस्त कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।
इस दौरान मंडल ने सफलता के कई अप्रतिम कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जिसमें आप समस्त कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
हम सबके लिए शताब्दी वर्ष समृद्ध परंपरा के स्मरण का उत्सव के साथ-साथ भविष्योमुखी प्रेरणा का भी वर्ष है।
हमलोग, दानापुर मंडल के समृद्ध एवं गौरवशाली परंपरा तथा, वर्तमान के बेहतरीन सामंजस्य से इस मंडल को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे, और मुझे पूरा विश्वास है कि, मंडल के समस्त कर्मचारी इस दिशा में अपना शत-प्रतिशत योगदान देंगे।
अंत में पुनः सभी आगंतुकों को 76वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई देता हूँ एवं विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि प्रगति के पथ पर एवं यात्री सुविधा के लिए दानापुर मंडल निरंतर प्रयासरत है।