चंदौली में SIR फॉर्म 100% डिजिटाइजेशन करने वाले 8 BLO सम्मानित, DM चंद्र मोहन गर्ग की तारीफ
चंदौली जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्य के तहत SIR फॉर्म का 100% डिजिटाइजेशन समय से पूर्व पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने 8 उत्कृष्ट कार्मिकों (B.L.O., आंगनबाड़ी कार्यकत्री, पंचायत सहायक) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य निर्वाचन को सुदृढ़,

SIR फॉर्म का 100% डिजिटाइजेशन समय से पहले पूरा
निर्वाचन कार्य को सुदृढ़ बनाने में बड़ी सफलता
निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन पर अमल करने की कोशिश
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सराहा
8 कर्मठ कार्मिकों को मिला डीएम के हाथों सम्मान
चंदौली जिले में भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) का कार्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार तेजी से और सफलतापूर्वक चल रहा है। इस कड़ी में, जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। निर्धारित समय से पूर्व ही SIR फॉर्म का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (और जिलाधिकारी) चंद्र मोहन गर्ग ने निर्वाचन कार्य में लगे 8 कर्मठ कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
टीम वर्क का बेहतरीन उदाहरण
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि SIR फॉर्म का पूर्ण डिजिटाइजेशन निर्वाचन कार्यों को सुदृढ़, पारदर्शी और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों में सटीकता, समयबद्धता और तकनीक के प्रभावी उपयोग की आवश्यकता होती है।
डीएम ने इस उपलब्धि को केवल व्यक्तिगत प्रदर्शन नहीं, बल्कि विभागीय टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि समय से पूर्व 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करना प्रशासन की कार्यकुशलता को भी दर्शाता है। उन्होंने सभी 8 सम्मानित कार्मिकों की मेहनत, जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इसी निष्ठा और लगन के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन कर जनपद को अग्रिम पंक्तियों में बनाए रखने का कार्य करेंगे।
इन कार्मिकों को मिला प्रशस्ति पत्र
यह सम्मान विशेष रूप से उनके उत्कृष्ट कार्य, समयबद्धता तथा निर्वाचन प्रक्रिया में अहम सहयोग और समर्पण को ध्यान में रखते हुए दिया गया। सम्मानित होने वाले कार्मिकों में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, पंचायत सहायक और रोजगार सेवक शामिल हैं:-
कार्मिक का नाम पदनाम विधानसभा क्षेत्र
1. शांति देवी आंगनवाड़ी कार्यकत्री 380- मुगलसराय
2. रीता देवी आंगनवाड़ी कार्यकत्री 380- मुगलसराय
3. राधिका उपाध्याय आंगनवाड़ी कार्यकत्री 382- सैयदराजा
4. बिंदु देवी आंगनवाड़ी कार्यकत्री 382- सैयदराजा
5. गोविंद पंचायत सहायक 381- सकलडीहा
6. सुजीत कुमार यादव पंचायत सहायक 381- सकलडीहा
7. चंदा सिंह अनुदेशक 383- चकिया (अजा-सुरक्षित)
8. सर्वेश कुमार सिंह ग्राम रोजगार सेवक 383- चकिया (सुरक्षित)
सफलता की मुख्य कड़ी हैं कर्मचारी
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार और मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं ने भी बीएलओ और अन्य कार्मिकों के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में कार्य करने वाले कर्मचारी ही सफलता की मुख्य कड़ी होते हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर इन कार्मिकों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने अंत में पुनः सभी को बधाई दी और दोहराया कि प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद में निर्वाचन कार्य पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ संपादित किया जाए।




















